रांची। झारखंड के रांची में क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के नाम पर बदमाश एक महिला को झांसा देकर उसकी गोद से डेढ़ महीने का बच्चा लेकर भाग गए। बताया जाता है कि रांची के जगन्नाथपुर की रहने वाली मधु देवी अपने दो बच्चों के साथ रांची के हिनू में एक स्टाॅल से कुछ सामान खरीद रही थी।

बदमाशों के झांसे में आई महिला
तभी अचानक एक बाइक सवार युवक एक महिला के साथ वहां आया और कहने लगा कि धोनी गरीबों के बीच पांच हजार रुपये और घर बांट रहे हैं।
बदमाश की बात पर भरोसा कर मधु देवी झांसे में आ गई और उसके साथ चलने के लिए हांमी भर दी। इसके बाद बदमाश महिला को बाइक पर बिठाकर हरमू आवासीय कालोनी ले गए।
बच्चों को लेकर रफूचक्कर हुए बदमाश
वहां बाइक सवार दोनों बदमाशों ने मधु को बिजली ऑफिस के पास उतार दिया और कहा कि इसी दफ्तर में गरीबों को पैसे बांटने के संबंध में बैठक चल रही है। अंदर महेंद्र सिंह धोनी भी बैठे हैं, जाकर तुम भी अपने लिए पैसे और आवास मांग लो।
दोनों बदमाशों ने महिला को भरोसे में लेकर कहा कि वह भीतर जाए, तब तक दोनों उसके बच्चे का ख्याल रखेंगे। जैसे ही मधु का ध्यान भटका बाइक सवार युवक और उसकी साथी महिला बच्चे को लेकर बाइक से भाग गए।